अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक कमेटी (आइओसी) के नये नियम की पालना में राष्ट्रीय खेल फेडरेशनों के छूट रहे पसीने –
महिला शक्ति को मिला 50% वोट का अधिकार………. खेल महासंघो में तेज हुई हलचल
नविता तंवर हरियाणा ओलम्पिक संघ HOA की प्रदेश सदस्य नियुक्त

17 मई 2025 : भिवानी / चंडीगढ़ – महिलाओं को खेलों में नेतृत्व और निर्णयकारी भूमिका देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी (IOC) द्वारा जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों का असर अब भारत के राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। इस क्रम में भाजपा नेत्री नविता तंवर को हरियाणा ओलंपिक संघ (HOA) का प्रदेश सदस्य नियुक्त किया गया है, जिससे महिला शक्ति को एक नया मंच और नई पहचान मिली है।
यह नियुक्ति पेरिस इंटरनेशनल ओलंपिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि आईओसी के नए दिशा-निर्देशों के तहत सभी राष्ट्रीय व राज्य स्तर की खेल फेडरेशनों में महिला सहभागिता अनिवार्य कर दी गई है। इस नियम के अनुसार अब प्रत्येक संगठन में 50% निर्णयात्मक अधिकार महिलाओं के पास होंगे।
हरियाणा में सबसे पहले हुआ लागू
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (HCA), जो प्रसिद्ध अभिनेता और ‘महाभारत’ के भीष्म पितामह की भूमिका निभा चुके मुकेश खन्ना के मार्गदर्शन में कार्यरत है, ने इस नियम को सबसे पहले लागू करने का बीड़ा उठाया। HCA के अनुसार, अब से अगर किसी पद पर पुरुष की नियुक्ति होती है तो उसके समकक्ष दूसरे प्रमुख पद पर महिला अधिकारी की नियुक्ति अनिवार्य होगी।
इसी दिशा में हरियाणा के 22 जिलों की शतरंज एसोसिएशनों में भी यह नियम लागू कर दिया गया है, जिसकी जानकारी संगठन की आधिकारिक वेबसाइट www.IndianChess.org पर उपलब्ध है।
महिला नेतृत्व को नई दिशा
नविता तंवर एक जानी-मानी भाजपा नेत्री हैं और लंबे समय से खेलों और सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे पहले भी नेटबॉल, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, कराटे तथा शतरंज संघ जैसे विभिन्न खेल संगठनों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर हर्ष जताते हुए कहा,
“हरियाणा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों को जो प्लेटफॉर्म दिया है, वह पूरे देश के लिए एक आदर्श है। मेरी प्राथमिकता जिला स्तर पर खेल संघों का विस्तार कर खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है।”
नविता तंवर ने इस अवसर पर केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल, लोकसभा सांसद कंगना रनौत, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल कौशिक, खेल मंत्री गौरव गौतम, भिवानी के उपायुक्त महावीर कौशिक, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया।
समाज और खेल संगठनों की ओर से सराहना
नविता तंवर की नियुक्ति पर प्रदेश के सामाजिक व खेल संगठनों ने खुशी जताई है। कुश्ती संघ की प्रधान भाजपा नेता शकुन्तला कौशिक, असंध विधानसभा करनाल से डॉक्टर मीनाक्षी शर्मा सालवान, पूर्व भाजपा महिला प्रधान बबीता तंवर, शिक्षा अधिकारी रोशनी शर्मा दादरी, प्रिंसिपल डॉक्टर अलका शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा से एडवोकेट राजबाला श्योराण सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी और इसे हरियाणा में महिला नेतृत्व की दिशा में मजबूत कदम बताया।