संस्थान के संगठन मंत्री गुलशन कुमार ग्रोवर जिला व प्रांत दोनों स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिये सम्मानित

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र, 27 मई 2025 – हरियाणा योग आयोग पंचकूला एवं आयुष विभाग हरियाणा के तत्वावधान में आयोजित योग महोत्सव 2025 के दौरान भारतीय योग संस्थान को प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार व सूर्य नमस्कार अभियान 2025 में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह भव्य आयोजन पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने संयुक्त रूप से संस्थान के अधिकारियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने की योग महोत्सव की भव्य शुरुआत

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के आगमन पर उपस्थित योग साधकों ने खड़े होकर करतल ध्वनि व “करो योग, रहो निरोग” के जयघोष से उनका स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत आयुष विभाग के निदेशक डॉ. संजीव वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, व योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से 21 जून को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली। उन्होंने हरियाणा योग आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने स्वयं को नियमित योगाभ्यासी बताते हुए कहा कि योग के कारण ही वे ऊर्जावान रहते हैं।

भारतीय योग संस्थान को मिला बहुस्तरीय सम्मान

इस अवसर पर भारतीय योग संस्थान हरियाणा के प्रांतीय अधिकारियों में प्रांतीय प्रधान ओमप्रकाश, संरक्षक राजकिशन सैनी, मंत्री रामपाल गोयल, प्रांतीय संगठन मंत्री एवं प्रेस प्रवक्ता गुलशन कुमार ग्रोवर, तथा सूर्य नमस्कार अभियान में प्रांत स्तर पर प्रथम रहे रोहतक जिला समन्वयक विवेक भाटिया को मुख्यमंत्री व आयुष मंत्री द्वारा प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जिला स्तर पर भी संस्थान के अधिकारियों को मिला सम्मान

योग प्रचार में जिलेवार योगदान देने वाले भारतीय योग संस्थान के प्रतिनिधियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया, जिनमें शामिल रहे:

  • गुलशन कुमार ग्रोवर (कुरुक्षेत्र) – संगठन मंत्री व प्रेस प्रवक्ता
  • विशाल वर्मा (अम्बाला अर्बन)
  • सतपाल भारद्वाज (कैथल)
  • डॉ. तिलक राज मनोचा (करनाल)
  • हवा सिंह सेन (पानीपत पूर्वी)
  • राजबीर दहिया (सोनीपत)
  • कृष्णा गोयल (पंचकूला)
  • सुरेंद्र परमार (गुरुग्राम)

संस्थान की भूमिका रही सराहनीय

उल्लेखनीय है कि भारतीय योग संस्थान ने सूर्य नमस्कार अभियान 2025 में पूरे हरियाणा में एक प्रमुख सहयोगी संस्था के रूप में भाग लिया। संस्थान अपने निशुल्क योग साधना केंद्रों के माध्यम से नियमित रूप से हजारों साधकों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाता है।

योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुँचाने का संकल्प

आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के रूप में मान्यता दिलवाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। उन्होंने योग आयोग और भारतीय योग संस्थान के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी से आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने का आह्वान किया।

Share via
Copy link