गुरुग्राम, 6 जून 2025। विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में गुरुग्राम पुलिस द्वारा योग जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए पुलिस लाइन में एक विशाल योगाभ्यास पाठशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री विकास अरोड़ा (IPS) ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिजनों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया।

श्री अरोड़ा ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता प्राप्त करने का सशक्त साधन है। आज के तनावपूर्ण वातावरण में योग हमारे जीवन को संतुलित और सुखद बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम है।”
इस योगाभ्यास सत्र में गुरुग्राम पुलिस के सभी उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, अनेक पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन सम्मिलित हुए। आयोजन में करीब 900 अधिकारी/कर्मचारी एवं परिजन उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों की जानकारी दी और बताया कि नियमित योग अभ्यास से शरीर रोगमुक्त, मन शांत और जीवन ऊर्जावान बनता है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि “21 जून का दिन योग के लिए विशेष रूप से शक्तिशाली माना जाता है। यह दिन न केवल साल का सबसे लंबा दिन है, बल्कि ग्रीष्म संक्रांति के कारण आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमें चाहिए कि हम इस अवसर का उपयोग आत्मिक व मानसिक बल बढ़ाने के लिए करें।”
इस अवसर का उद्देश्य न केवल पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना था, बल्कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना भी था। आयोजन के दौरान अधिकारियों से आग्रह किया गया कि वे अपने परिवार व आस-पड़ोस के लोगों को भी योग के लाभों से अवगत कराएं।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा इस पहल के तहत आगामी दिनों में और भी योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफलतापूर्वक मनाया जा सके।