चरखी दादरी | 9 जून 2025 – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशानुसार जिला स्तर पर संगठनात्मक मजबूती को लेकर राजस्थान की विधायक एवं कांग्रेस पर्यवेक्षक रीटा चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक लाल बहादुर खोवाल, हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने रविवार को चरखी दादरी में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

यह संवाद सत्र स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित हुआ, जहां जिला कांग्रेस प्रधान के चयन को लेकर नेताओं से वन-टू-वन बातचीत की गई।

6 सदस्यीय पैनल जाएगा हाईकमान के पास

लाल बहादुर खोवाल ने बताया कि दादरी जिले से कांग्रेस जिला प्रधान पद के लिए 6 नामों का पैनल बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पारदर्शी होगी और सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाएगा।

35 से 55 वर्ष की आयु को प्राथमिकता, लेकिन बाध्यता नहीं

उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार की उम्र 35 से 55 वर्ष के बीच हो तो वरीयता दी जाएगी, लेकिन यह कोई कठोर शर्त नहीं है। जो व्यक्ति लंबे समय से पार्टी से जुड़ा हो, ज़मीनी कार्यकर्ता हो और सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता हो, उसे प्राथमिकता दी जाएगी।

सामाजिक समीकरणों का होगा सम्मान

पर्यवेक्षक खोवाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व जातिगत संतुलन और सामाजिक समावेशिता का विशेष ध्यान रख रहा है। इसीलिए सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, खिलाड़ी, चिकित्सक एवं अन्य पेशेवर वर्गों से भी संवाद किया जा रहा है।

तीन दिन तक होगा संवाद

लाल बहादुर खोवाल ने जानकारी दी कि तीन दिनों तक सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

पर्यवेक्षकों के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। मीटिंग हॉल में हुए संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मज़बूत करने का आह्वान किया गया।

बैठक में प्रमुख नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक सोमबीर सिंह श्योराण, पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान, पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी, पूर्व विधायक नृपेन्द्र श्योराण, पूर्व विधायक नृपेन्द्र सांगवान, मनीषा सांगवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share via
Copy link