– गुरुग्राम विश्वविद्यालय और हिपा में आयोजित होंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम
गुरुग्राम, 27 जून 2025। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार 28 जून को गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो विशेष आयोजनों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
प्रातः 11:00 बजे, वे गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय महिला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि दोपहर 12:15 बजे वे हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में युवा मॉक पार्लियामेंट को संबोधित करेंगे।
यह आयोजन आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के संदर्भ में युवाओं और महिलाओं को संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी देने और लोकतांत्रिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।
महिला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा द्वारा किया जा रहा है, जबकि युवा मॉक पार्लियामेंट का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा द्वारा किया जा रहा है।
दोनों ही कार्यक्रमों में प्रदेश भर से आए प्रतिभागी मॉक पार्लियामेंट में हिस्सा लेकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे, साथ ही वे नेतृत्व, संवाद और वैचारिक आदान-प्रदान की भावना को और सशक्त करेंगे।