निजीकरण, नई पेंशन स्कीम व लेबर कोड के खिलाफ जताया आक्रोश
गुरुग्राम, 9 जुलाई 2025। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशंस वर्कर यूनियन के आह्वान पर आज गुरुग्राम सर्कल के हजारों बिजली कर्मचारियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता और नाराजगी जताई। यह हड़ताल केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आवाहन पर सरकारी विभागों के निजीकरण, चार लेबर कोड, और नई पेंशन स्कीम के विरोध में आयोजित की गई।
राज्य सचिव सुशील शर्मा ने कहा कि सरकार की कर्मचारी-विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे हरियाणा में जबरदस्त रोष है। गुरुग्राम सर्कल के बिजली कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में हड़ताल में भाग लेकर इस नाराजगी को मुखर रूप से सामने रखा है।
सैकड़ों कर्मचारियों ने संभाले मोर्चे
गुरुग्राम सर्कल सचिव अमरजीत जाखड़ और सच्चितानंद ने जानकारी दी कि हड़ताल में ऑपरेशन सर्कल-1, ऑपरेशन सर्कल-2, और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के कर्मचारियों ने हजारों की संख्या में भाग लिया।
गुरुग्राम शहर, फरुखनगर, पटौदी, हेलीमंडी, सोहना, मानेसर, तावडू सहित कई इलाकों से कर्मचारी आंदोलन में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली, रेगुलर पॉलिसी, ठेका प्रथा पर रोक, निजीकरण बंद करने, और स्थायी काम के लिए स्थायी रोजगार जैसी मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। आज की हड़ताल उसी संघर्ष का हिस्सा है।
कर्मचारी नेताओं ने संभाला नेतृत्व
हड़ताल में बिजली कर्मचारी नेताओं पवन गोयल, जितेंद्र दीक्षित, विजयपाल, और सतेंद्र यादव के नेतृत्व में विभिन्न डिवीजन, सब-डिवीजन और सब-स्टेशनों पर कार्य बहिष्कार किया गया।
ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशंस वर्कर यूनियन ने सरकार को चेताया है कि यदि जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।