पुलिस और गूगल की साझेदारी से तेल, समय और जान – तीनों की होगी बचत
गुरुग्राम, 9 जुलाई 2025। गुरुग्राम की सड़कों पर अब यातायात सुगम, सुरक्षित और अधिक पर्यावरण अनुकूल बनने जा रहा है। पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, IPS ने गूगल इंडिया टीम के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर गति सीमा नियंत्रण, ट्रैफिक जाम समाधान, और स्मार्ट ट्रैवलिंग के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में गूगल से रवि भास्कर, तुषार, व यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
गूगल मैप में होगा इको-फ्रेंडली रूट विकल्प
डॉ. मोहन ने जानकारी दी कि आने वाले कुछ हफ्तों में गूगल मैप में एक नया ‘इको-फ्रेंडली रूट’ विकल्प जोड़ा जाएगा, जिसके जरिए वाहन चालक सबसे छोटा, कम समय लेने वाला और कम ईंधन खर्च वाला रास्ता चुन सकेंगे। इससे ट्रैफिक जाम कम, तेल की बचत और वातावरण को भी राहत मिलेगी।
गति सीमा का सटीक पालन गूगल मैप से संभव
गुरुग्राम क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर निर्धारित गति सीमाएं अब गूगल मैप पर अपडेट की जाएंगी। वाहन चालक इन सीमाओं के अनुरूप गाड़ी चलाकर चालानों से बच सकेंगे, और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
नजदीकी पार्किंग, अस्पताल और जरूरी सेवाओं की जानकारी भी होगी उपलब्ध
गूगल मैप पर अब स्पीड लिमिट, नजदीकी अस्पताल, पार्किंग स्थल, व अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ रीयल टाइम में उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को सुविधा और सुरक्षा दोनों मिलेगी।
सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी
यातायात पुलिस गुरुग्राम ने विभिन्न मार्गों पर गति सीमा साइन बोर्ड लगाने के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार शुरू कर दिया है। यह पहल सड़क हादसों में कमी लाने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगी।
डॉ. राजेश मोहन का संदेश
डॉ. मोहन ने कहा, “गूगल और ट्रैफिक पुलिस की इस साझेदारी से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि आमजन की यात्रा को सुरक्षित, समयबद्ध और पर्यावरण-अनुकूल भी बनाया जा सकेगा।”