-सरकार श्वेत पत्र जारी करके बताए गुरुग्राम में जलनिकासी पर कितना खर्चा हुआ

गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि मॉनसून की पहली बरसात में ही एक बार फिर से डूबे गुरुग्राम के जिला प्रशासन, नगर निगम और जीएमडीए के साथ सरकार भी जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम को लावारिस हालत में छोड़ रखा है। सरकार को गुरुग्राम में जलनिकासी पर कितना खर्च किया है, इस पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे।

पंकज डावर ने कहा कि बुधवार की बरसात में पूरा गुरुग्राम पानी-पानी हो गया। पूरा शहर जाम हो गया। हर सडक़ पर ट्रैफिक जाम हो गया। पहले से टूटी पड़ी सडक़ों में गड्ढों से लोगों को और ज्यादा दिक्कत हुई। उन्होंने सवाल किया कि पिछले तीन-चार महीनों से पूरा प्रशासन गुरुग्राम में बरसात में जलभराव नहीं होने की एक्सरसाइज कर रहा था। यहां मंत्री और अधिकारी फिल्ड में दौरे कर रहे थे। अखबारों में रोज खबरें देकर यह दावे किए जाते थे कि इस बार जलभराव नहीं होगा। मॉनसून की पहली ही बरसात में सबके दावे धुल गए। गुरुग्राम में चारों तरफ जलभराव ने बता दिया कि बरसात में जलभराव के प्रबंध कम किए गए और दावे ज्यादा किए गए। दिखावा बहुत ज्यादा किया गया।

पंकज डावर ने गुरुग्राम जिला प्रशासन, नगर निगम, जीएमडीए के साथ प्रदेश सरकार से भी सवाल किये हैं कि गुरुग्राम को दुधारू गाय मानकर तो दोहन किया जा रहा है, यहां से मिलने वाले राजस्व का क्या किया जा रहा है। कहां पर खर्च हो रहा है। गुरुग्राम की जनता अगर टैक्स ना भरे तो जुर्माना लगाने का काम किया जाता है। टैक्स भरने के बाद लोग सुविधाओं को तरसते रहते हैं। उन्होंने कहा कि 10 साल से ज्यादा समय से भाजपा का हरियाणा में राज है। भाजपा ने दो मुख्यमंत्री बनाए हैं। जनता में रोष था, इसलिए विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। नए मुख्यमंत्री से जनता को उम्मीद थी, लेकिन वे भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। सफाई की बात हो या बरसाती पानी निकासी की बात हो, दोनों ही कामों में सरकार विफल रही है। सरकार के पास गुरुग्राम को सुधारने के लिए कोई योजना नहीं है। अधिकारियों के भरोसे गुरुग्राम को छोड़ दिया गया है। सरकार ने कभी भी गुरुग्राम की समस्याओं पर गंभीरता से काम नहीं किया। अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को डूबने के लिए छोड़ दिया गया है। गुरुग्राम हर बार मॉनसून की बरसात में डूबा है। लगता है ऐसे ही डूबता रहेगा। इस बार तो जनता को बहकाकर जनता का वोट भाजपा ने हथिया लिया, लेकिन समस्याओं से त्रस्त जनता भविष्य में भाजपा से बदला लेगी।

Share via
Copy link