-पालम विहार की तरफ से शहर आने के लिए अशोक विहार फेज-3 की सडक़ का बुरा हाल

-बरसात ही नहीं, बिना बरसात भी यहां रहता है कीचड़, सडक़ का नामो निशान नहीं

गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने गुरुग्राम में टूटी सडक़ों का मुद्दा उठाया है। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री गुरुग्राम में थे तो पंकज डावर ने कहा कि-मुख्यमंत्री जी कुछ करो…यहां गड्ढों में सडक़ ढूंढनी पड़ती है। फिर भी सडक़ नहीं मिलती और गड्ढों से ही निकलना पड़ता है। इन गड्ढों में वाहन भी कबाड़ हो जा रहे हैं। हाउस टैक्स, रोड टैक्स सब लोग दे रहे हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित चलने को सडक़ें नहीं दी जा रहीं। यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर का।

पंकज डावर ने बताया कि पालम विहार क्षेत्र गुरुग्राम शहर की तरफ आने के दौरान अशोक विहार फेज-3 के सामने जो सडक़ थी, अब वह नहीं रही। सडक़ टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। सडक़ का अब वहां नामो-निशान नहीं रहा है। यहां से निकलने वाला हर वाहन चालक रो-रोकर निकलता है। हर वाहन यहां से निकलकर कबाड़ हो रहे हैं। क्योंकि गड्ढों के कारण वाहनों के पुर्जे ढीले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। पास से निकलने वाले चारपहिया वाहनों के कारण दुपहिया वाहन वाले तो कीचड़ में ही सन जाते हैं। कीचड़ यहां इतना अधिक है कि दुपहिया वाहन फिसल कर गिर रहे हैं। लोग चोटिल हो रहे हैं। नगर निगम का इस तरफ ध्यान ही नहीं है। नगर निगम या तो सडक़ों का निर्माण कर ही नहीं रहा और जिनका कुछ दिन पहले किया था, वे सडक़ें अब उखड़ चुकी हैं।

पंकज डावर ने पटौदी चौक के हालातों को भी सांझा किया। उन्होंने कहा कि पटौदी पुलिस चौकी से पटौदी रेड लाइट की तरफ आने वाली सडक़ भी बीच में काफी बदहाल है। यहां पूरी सडक़ से वाहन नहीं निकल पा रहे। लोग अपने वाहनों को लाइन में लगाकर निकालते हैं। सभी को डर रहता है कि कहीं कोई बड़ा गड्ढा ना हो। सरकार नगर निगम अधिकारियों पर एक्शन ले, ताकि गुरुग्राम की स्थिति में कुछ सुधार हो। कांग्रेस नेता पंकज डावर ने कहा कि या तो सरकार यह कह दे कि कुछ सुधार नहीं होगा। अगर यह नहीं कहना तो सुधार के लिए समय तय कर दे। गुरुग्राम के हालात बिगाडऩे वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई भी करे। जो बजट अब तक यहां पर सुविधाओं के लिए खर्च किया गया है, उसकी जांच कराई जाए। अधिकारी बैठकें करके अखबारों में खबरें छपवाकर दिखाते हैं कि वे शहर की कायापलट कर देंगे। लेकिन होता कुछ नहीं है। सरकार इस शहर को गंभीरता से ले। यहां विकास की बजाय विनाश हो रहा है।

Share via
Copy link