कांग्रेस खोखला नारा देने वाली पार्टी : डा. अर्चना गुप्ता
हरियाणा के इतिहास में पहली बार 30 महिलाएं भाजपा मंडल अध्यक्ष बनी हैं और 5 महिलाएं जिला अध्यक्ष : डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 31 जुलाई। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को रोहतक, गोहाना और जींद में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और महामंत्रियों की बैठक ली। बैठक में डा. अर्चना गुप्ता ने चल रहे अभियानों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की योजना रचना पर विस्तृत चर्चा कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। डा. गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा के लिए चार स्दस्यीय कमेटी का गठन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने किया है। इस कमेटी में असीम गोयल को संयोजक, मनीष यादव, आदित्य बतरा और मीना परमार को सह संयोजक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी 377 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालेगी इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुटता से इस कार्यक्रम को सफल बनाए और अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा में शामिल करें।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का दिन भारत के इतिहास में त्रासदीपूर्ण दिन के रूप में दर्ज है। विभाजन के समय लाखों लोगों ने शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह, मंत्री और विधायकों के अलावा प्रदेश भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जिला स्तर पर भी विभाजन विभीषिका पर कार्यक्रम होंगे।
प्रदेश महामंत्री ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खोखला नारा देने वाली पार्टी है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटाई। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह संकल्प के साथ पूरा करती है। भाजपा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जिसे शत प्रतिशत धरातल पर उतारा। उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने पंचायती राज्य चुनाव में 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया। 2029 के लोकसभा और विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मोदी सरकार ने निर्णय लिया है। डा. गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं सेना में भी लीड कर रही है। मोदी सरकार में महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन बढ़ा है। 6 लाख से अधिक महिलाएं अपने पैरों पर खड़ा होकर परिवार का सहयोग कर रही है। 60 हजार से अधिक सेल्फ हेल्फ ग्रुप चल रहे हैं जिनसे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है।
एक सवाल पर बोलते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये एक बटन दबाते ही सभी के खातों में ट्रांसफर हो जाएंगें। नायब सरकार अभी इस योजना पर गहन विचार कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी और नायब सरकार सशक्त कदम उठा रही है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार 30 महिलाएं मंडल अध्यक्ष बनी हैं और 5 महिलाएं जिला अध्यक्ष हैं।
एक अन्य सवाल पर प्रदेश महामंत्री ने कहा कि हरियाणा के सभी जिलों में बूथ, मंडल और जिला की नई टीमों का गठन हो चुका है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त तक जिला व मंडलों की कार्यकारिणी की बैठकें भी होंगी। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर चलते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। इन बैठकों में गोहाना के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जींद तेजेंद्र ढुल, रोहतक में रणबीर ढाका के अलावा महामंत्री, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।