वानप्रस्थ में एच पी सरदाना का 95वां जन्मदिन मनाया गया

हिसार। अगस्त 2. – वरिष्ठ नागरिकों की संस्था वानप्रस्थ में ऐसे कई सदस्य हैं जो स्वयं अपने सुपर सीनियर मां बाप की देखभाल कर रहे हैं। इन सुपर सीनियर नागरिकों की उम्र अक्सर 90 साल से ऊपर है और उन्हें जीवनयापन और चिकित्सा सुविधा की बहुत ज़्यादा आवश्यकता पड़ती है।
इसका एक उदाहरण आज देखने को मिला जब सुनीता मेहतानी ने अपने पति नवीन मेहतानी संग मिलकर अपने वयोवृद्ध पिता हरप्रकाश सरदाना का 95वां जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया। वानप्रस्थ के सदस्यों को बढ़िया पार्टी दी और सदस्यों ने उनके सम्मान में एक रंगारंग कार्यक्रम पेश करते हुए उन्हें बधाई दी और उनकी लंबी आयु व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
सुनीता मेहतानी ने अपने पिता के जीवन के रोचक किस्से सुनाए।
एच पी सरदाना का जन्म पहली अगस्त 1931 को कराची में हुआ था। 16 साल की उम्र में जब वे दसवीं कक्षा में पढ़ रहे थे, देश के विभाजन के कारण उन्हें कराची छोड़ना पड़ा और वे समुद्री मार्ग से पहले गुजरात और फिर आगरा आए। उन्होंने सेना की मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस, एम ई एस में नौकरी की।
सरदाना जी ने बताया कि 1953 में पहली बार एवरेस्ट चोटी सर करने वाले तेंजिंग नोरके से दो साल बाद दार्जिलिंग में उनके घर पर मुलाकात हुई।
पश्चिमी बंगाल के लंबे आवास के दौरान सरदाना जी ने बंगाली भाषा भी सीख ली। वानप्रस्थ संस्था के समारोह में उन्होंने एक बंगाली गाना भी गाया।
शांति निकेतन की यात्रा में उन्होंने महान चित्रकार नंदलाल बोस की चित्रकारी देखी और 1971 में कलाईकुन्डा पर हवाई हमला भी देखा।
उन्होंने सीनियर सिटीजन क्लब में आज एक पौधा भी लगाया।
सुनीता मेहतानी की तरह ही प्रो पुष्पा खरब अपनी 94 वर्षीय माता की सेवा कर रही हैं। कौशल जैन भी अपनी 95 वर्षीय माता की देखभाल करती हैं हालांकि वे स्वयं भी वरिष्ठ नागरिक बन चुकी हैं।
क्लब के जिन सदस्यों ने सरदाना जी के सम्मान में गीत संगीत व अंताक्षरी के कार्यक्रम पेश किए उनमें प्रो : सुनीता श्योकंद, प्रो : पुष्पा खरब, प्रो : सुनीता जैन, डा: अजीत कुंडू, सोनिया भाटिया, प्रो : जे. के. डांग, प्रो : एस के अग्रवाल , प्रो : राज गर्ग, डा: कमलेश कुकड़ेजा, डा: शशि मदान, श्रीमति शशि आर्य, प्रो ; महासिंह राणा तथा करतार सिंह शामिल थे। सरदाना जी की सिफारिश पर दूरदर्शन के पूर्व निदेशक अजीत सिंह ने फैज़ अहमद फैज़ की प्रसिद्ध क्रांतिकारी नज़्म ‘हम देखेंगे’ पेश की जिसमें सभी सदस्यों ने साथ दिया।