
गुरुग्राम, 08 अगस्त 2025: संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने पूर्व राज्यपाल श्री सत्यपाल सिंह मलिक जी की श्रद्धांजलि सभा एवं रस्म पगड़ी में शामिल होकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भाव भीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पूर्व राज्यपाल श्री सत्यपाल सिंह मलिक जी को निर्भीकता, किसानों के प्रति समर्पण और बेबाक व्यक्तित्व के लिए याद किया जाता है। वह सत्ता में रहते हुए भी सत्ता से सवाल पूछने का साहस रखते थे, जो उनकी अनूठी नेतृत्व शैली को दर्शाता है।
श्री सत्यपाल सिंह मलिक 1974 में बागपत से विधायक, 1980 और 1986 में राज्यसभा सदस्य, और 1989 में अलीगढ़ से लोकसभा सांसद रहे। श्री मलिक ने अपने पांच दशक लंबे राजनीतिक करियर में जम्मू-कश्मीर, गोवा, बिहार, और मेघालय जैसे राज्यों के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। विशेष रूप से, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के रूप में, उन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने जैसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम की देखरेख की। वह 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान किसानों के प्रबल समर्थक रहे।
उनका निधन भारतीय राजनीति और किसान समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी सादगी, किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और साहसी व्यक्तित्व उन्हें हमेशा यादगार बनाए रखेगा।