हमारे संस्कारों से जुड़ एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर धर्मशाला के लिए रास्ते को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिलने का किया ऐलान

धर्मशाला को 51 लाख रुपये देने की घोषणा

चंडीगढ़, 16 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमारी संस्कृति, संस्कारों के साथ जुड़ा है, जो हमें एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है।

 मुख्यमंत्री शनिवार को कुरुक्षेत्र में गुर्जर धर्मशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।          

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र वही भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। गीता का वह ज्ञान, जो कर्म का महत्व, धर्म की रक्षा और सत्य की विजय का संदेश देता है, आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक है।         

 मुख्यमंत्री ने कहा कि आज, जब हम नए हरियाणा के निर्माण की बात करते हैं, तो यह गीता का संदेश ही है, जो हमें प्रेरित करता है। हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहाँ कोई भेदभाव न हो, जहां सभी लोग एक-दूसरे के साथ प्यार और सम्मान से रहें। आज हरियाणा इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर काम कर रही है। हर एक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।          

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ संस्कृति का भी संरक्षण हो। इसके लिए कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण महोत्सव व अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। गीता के पावन संदेश को मानवमात्र तक पहुंचाने के लिए विदेशों में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गोकुल से जुड़ाव और गोपालक परंपरा गुर्जर समाज की सांस्कृतिक धारा में रचा-बसा है। गुर्जर समाज का इतिहास पराक्रम, त्याग और परिश्रम से भरा हुआ है। उन्होंने जन्माष्टमी के शुभ अवसर सभी से अपील करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर भगवान श्री कृष्ण जी के आदर्शों पर चलें। हम सभी को धर्म, न्याय और सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए।         

 मुख्यमंत्री ने गुर्जर समाज की मांग पर घोषणा करते हुए कहा कि धर्मशाला के लिए जिस रास्ते की मांग की गई है, उसके लिए वे स्वयं केंद्रीय रेल मंत्री से मिलेंगे और समाज को यह सुविधा दिलवाएंगे। उन्होंने धर्मशाला द्वारा किए जा रहे जनसेवा के कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि जो अन्य मांगें समाज द्वारा रखी गई हैं, उनमें से पूरी होने वाली सभी मांगों को हरियाणा सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा।  कार्यक्रम को पूर्व मंत्री श्री कंवरपाल गुर्जर ने भी संबोधित किया।

Share via
Copy link