भाजपा ने अपनी सशक्त भागीदारी से भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए : बड़ौली

चंडीगढ़, 18 अगस्त। भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज की अध्यक्षता में सेक्टर-8 में हुई। इस बैठक में सेवा पखवाड़ा एवं पंच परिवर्तन, संगठनात्मक विस्तार एवं बूथ पर होने वाले कार्यक्रम, प्रदेश एवं केंद्र सरकार की योजनाएं और भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर वक्ताओं ने अपना उद्बोधन रखा। कार्यकारिणी में जिला महामंत्री ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा। जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कार्यकारिणी में जिला की रिपोर्ट पेश की।

मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भाजपा का इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल सत्ता की राजनीति नहीं की, बल्कि समाज के हर वर्ग के कल्याण को अपना संकल्प बनाया है। उन्होंने भाजपा की गौरवगाथा को याद करते हुए कहा कि कभी 3 सांसदों से शुरुआत करने वाली भाजपा आज 300 से अधिक सांसदों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार की पारदर्शी, ईमानदार और जनसेवी नीतियों ने किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों, खिलाड़ियों और वीर जवानों तक सबको लाभान्वित किया है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ। गठन के बाद से ही भाजपा ने अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज करते हुए भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए हैं।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के परिणाम स्वरूप केंद्र और प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सरकार के कार्य व योजनाओं को जन जन तक पहुचाने का कार्य करें। श्री बड़ौली ने कहा कि हमारा संगठन प्रदेश, जिला, मंडल व बूथ स्तर तक मजबूत है हमें इसे और अधिक मजबूत बनाना होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर भाजपा के इतिहास व जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को विस्तार से बताया।

राई से विधायक कृष्णा गहलावत और सोनीपत विधायक निखिल मदान ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं गन्नौर से समाजसेवी व पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र कौशिक ने भी पार्टी की जनसेवी नीतियों को विस्तार से बताया। कार्यक्रम में सोनीपत महापौर राजीव जैन, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन तथा पूर्व प्रदेश महिला अध्यक्ष सुमित्रा चौहान भी उपस्थित रही। कार्यशाला में खरखौदा विधायक पवन खरखोदा, पूर्व ज़िला अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, तथा वरिष्ठ समाजसेवी मनोज जैन ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला में ज़िला प्रभारी सतीश नांदल ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मज़बूती से परिचित कराया। वहीं जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने ज़िले में किए जा रहे कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो खर्ची-पर्ची रहित नौकरियों से लेकर समाज सेवा तक हर क्षेत्र में ईमानदारी की मिसाल है। इस मौके पर ज़िला महामंत्री तरुण देवदास, नीरज कुमार, ज़िला मीडिया प्रभारी, अधिवक्ता दिनेश अत्री सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share via
Copy link