चंडीगढ़, 9 फरवरी: इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला का जींद के गांव मनोहरपुर और कैथल के गांव नंदकरण माजरा पहुंचने पर किसानों ने जोरदार स्वागत किया। उनके साथ इनेलो पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती भी उपस्थित रहे। अभय सिंह चौटाला ने किसान केसरी जन-जागरण अभियान के तहत किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का किसान व मजदूर तीन कृषि काले कानूनों की वजह से दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो रहा है। सरकार को अपनी हठधर्मिता छोडक़र तुरंत प्रभाव से कृषि-कानूनों को वापिस लेकर आंदोलनरत किसानों का समाधान करना चाहिए।
इनेलो नेता ने कहा कि जब देश करोना जैसी महामारी से जूझ रहा था तब प्रदेश में शराब, धान जैसे बड़े-बड़े घोटालं किए गए। वहीं किसान लॉकडाउन में भी अपने खेतों में काम कर देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुधारने में लगा हुआ था। आज देश व प्रदेश की भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर हर वर्ग को कुचलने पर तुली हुई है। प्रदेश की गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसान इन नेताओं का गाँवों में बहिष्कार ही नहीं करेंगे बल्कि इन्हें जूतों की माला पहनाएँगे। किसान आंदोलन में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि उनका दोगला चेहरा लोगों के सामने आ चुका है हुड्डा पूर्ण रूप से भाजपा के एजेंट के रूप मे काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि अभय सिंह चौटाला द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में अपने विधायक पद से त्याग-पत्र दिए जाने उपरांत हर वर्ग उनके त्याग के इस कदम की सरहाना कर रहें हैं और उन्हें ही अपना सच्चा हितैषी मान रहे हैं। वहीं प्रकाश भारती ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर घडियाली आंसू बहा रही है। इस मौके महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा देवी, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष सतीश जैन सहित जींद जिले के सभी हलका प्रधान उपस्थित रहे।