गुरुग्राम, 20 अप्रैल: बेगमपुर खटोला स्थित मार्क एग्जॉस्ट ठेका श्रमिक संगठन की एक अहम आम सभा कमला नेहरू पार्क, गुरुग्राम में आयोजित की गई। इस सभा की अध्यक्षता संगठन के उपाध्यक्ष परबीर भट्टाचार्य ने की, जबकि संचालन बलबीर सिंह ने किया।

सभा की शुरुआत संगठन के पूर्व अध्यक्ष जगबीर सिंह को श्रद्धांजलि देने के साथ की गई, जिनका हाल ही में निधन हो गया। उपस्थित श्रमिकों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीटू के राज्य उपाध्यक्ष कामरेड सतबीर सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “जगबीर सिंह का निधन संगठन और मजदूर वर्ग के लिए अपूरणीय क्षति है। वे आजीवन श्रमिक हितों के लिए संघर्ष करते रहे, और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।”

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड को श्रमिक विरोधी बताते हुए इनका कड़ा विरोध किया और 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल में श्रमिकों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त, 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गुरुग्राम में जनसभा आयोजित करने की योजना की भी घोषणा की गई, जहां सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा।

नई कार्यकारिणी का गठन

सभा में संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें निम्न पदाधिकारी चुने गए:

  • प्रधान – बलबीर सिंह
  • उपप्रधान – परबीर भट्टाचार्य
  • महासचिव – वीरेंद्र सिंह
  • सहसचिव – विनीत मिश्रा
  • संगठन सचिव – अनिल शर्मा
  • प्रचार सचिव – बिल्लू
  • खजांची (कोषाध्यक्ष) – रणवीर सिंह

सभा में महिला नेत्री उषा सरोहा और रेहड़ी-पटरी यूनियन के उपाध्यक्ष योगेश ने भी अपने विचार रखे और श्रमिक एकता को मज़बूत करने का आह्वान किया।

आंदोलन के लिए तैयार श्रमिक

सभा में मौजूद सैकड़ों श्रमिकों ने 20 मई की हड़ताल और 1 मई को मजदूर दिवस जनसभा में भारी संख्या में भाग लेने का निर्णय लिया। सभी ने एकजुट होकर केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का विरोध करने का संकल्प लिया।

Share via
Copy link