देश की जनता एक साथ चुनाव कराने के पक्ष में : बड़ौली

पंचकूला, 29 मई। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव देश हित और चुनाव सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश प्रथम की भावना से काम करने वाली पार्टी है, इसलिए धन, समय, संसाधनों की बचत के लिए एक साथ चुनाव करवाने के पक्ष में है। श्री बड़ौली गुरुवार देर सांय पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रोगेसिव लीडर्स अलायंस संस्था द्वारा आयोजित ‘‘भारत को क्यों चाहिए – एक राष्ट्र, एक चुनाव’’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा के अलावा अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, वरिष्ठ नेता संदीप जोशी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप यादव, कार्यक्रम प्रोगेसिव लीडर्स अलायंस संस्था के संस्थापक नरेंद्र लोबाना मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पूरे देश में एक साथ चुनाव होने से सरकार का फोकस विकासात्मक गतिविधियों और जनकल्याण की नीतियां बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से बार-बार चुनाव से जुड़ी समस्याओं से निजात मिलेगी और चुनाव के दौरान होने वाले खर्च में कमी आएगी। श्री बड़ौली ने कहा कि जनता भी एक साथ चुनाव कराने के पक्ष में है। जनता को मालूम है कि बार-बार चुनाव होने से आचार संहिता के कारण विकास के काम बाधित होते हैं।

कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया हुआ है। एक राष्ट्र-एक चुनाव पीएम मोदी के संकल्प को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 11 साल में भाजपा की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी चौथी इकोनॉमी वाला देश बना है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश भारत होगा।

श्री बड़ौली ने कहा कि लोगों की सोच बदली है। जनता पीएम मोदी के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है। एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है उसे गारंटी के साथ पूरा करती है। मोदी सरकार लगातार एमएसपी में बढ़ोतरी करके किसान हित में फैसला ले रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो किसानों की 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार किसानों को समृद्ध बनाने की दिशा में काम कर रही है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के अंदर देश भक्ति की भावना है वही देश से प्रेम करता है। विपक्ष के नेता शशी थरूर और औवैसी दुनिया के सामने भारत के 128 करोड़ लोगों की भावना को रख रहे हैं।

Share via
Copy link