गुड़गांव, 10 जून — हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) संगठन को मजबूती देने और ज़मीनी स्तर पर पुनर्गठन के उद्देश्य से पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। इसी क्रम में आज गुड़गांव के कमान सराय स्थित कांग्रेस मुख्यालय में संगठन सृजन अभियान को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में AICC के पर्यवेक्षक एवं राज्यसभा सांसद जी.सी. चंद्रशेखर, पूर्व विधायक व PCC पर्यवेक्षक रामनिवास घोडेला, PCC पर्यवेक्षक लखन सिंगला और देवेश कुमार ने हिस्सा लिया। कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज ने अतिथियों का पारंपरिक रूप से शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारद्वाज ने कहा, “हम सभी कांग्रेस के समर्पित सिपाही हैं और हमारा उद्देश्य राहुल गांधी जी के नेतृत्व में हरियाणा में एक मजबूत और सक्रिय संगठन का निर्माण करना है। जो कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पित हैं और उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचा सकते हैं, उन्हें संगठन में उचित स्थान मिलेगा।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान देती रही है और आगे भी देगी, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए सभी को अनुशासित और सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

राज्यसभा सांसद जी.सी. चंद्रशेखर ने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि उसे मजबूत और प्रभावशाली बनाना है। कांग्रेस की विचारधारा और राहुल गांधी जी का संदेश हर नागरिक तक पहुंचे, यही हमारा संकल्प है। तभी हम भाजपा के कुशासन से देश को मुक्त करा सकेंगे।”

बैठक के उपरांत सभी AICC व PCC पर्यवेक्षकों ने विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर उनके विचार सुने। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी हित में जो भी निर्णय उपयुक्त होंगे, वे पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ लिए जाएंगे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।

Share via
Copy link