गणतंत्र दिवस 2026 पर घोषित होंगे पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कार

गुरुग्राम, 11 जून। उपायुक्त अजय कुमार ने जानकारी दी है कि गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री—के लिए गृह मंत्रालय द्वारा ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति 31 जुलाई 2025 तक नामांकन भेज सकते हैं।

डीसी ने बताया कि नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन के साथ एक व्याख्यात्मक प्रशस्तिपत्र (अधिकतम 800 शब्दों में) भी संलग्न करना होगा, जिसमें नामित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों व सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख किया जाना चाहिए।

अजय कुमार ने अपील करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए, जिनकी सेवा और उत्कृष्टता वास्तव में सम्मान के योग्य है—विशेषकर महिलाएं, समाज के कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन और निस्वार्थ समाजसेवी इस पहल के केंद्र में रहें।

उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 1954 में हुई थी, और ये भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। यह सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, सामाजिक कार्य, उद्योग, लोकसेवा जैसे विविध क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी उपक्रमों में कार्यरत कर्मी, सिवाय डॉक्टरों व वैज्ञानिकों के, इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं। अधिक जानकारी के लिए नागरिक https://padmaawards.gov.in वेबसाइट पर जाकर विवरण प्राप्त कर सकते हैं।

Share via
Copy link