साहित्य, संस्कृति और सरस्वती साधना से सजी एक भावभीनी संध्या

गुरुग्राम, 8 जुलाई 2025। श्री सिद्धेश्वर विद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक जगदीश मित्तल जी के शुभागमन के अवसर पर एक भावनात्मक, गरिमामयी और काव्यमयी संध्या का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में गुरुग्राम के अनेक साहित्यकारों, समाजसेवियों और संस्कृतिकर्मियों ने भाग लिया और अपनी सहभागिता से आयोजन को विशेष बना दिया। यद्यपि स्वास्थ्यगत कारणों से मित्तल जी को शीघ्र लौटना पड़ा, लेकिन उनकी इच्छा के अनुरूप आयोजन पूर्ण उत्साह और सौहार्द के साथ सम्पन्न हुआ।

उत्कृष्ट संचालन और नेतृत्व

कार्यक्रम का कुशल संचालन मोनिका शर्मा ने किया और समन्वय व मार्गदर्शन का दायित्व वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक बत्रा ने निभाया।

कवियों की काव्यवर्षा

काव्य गोष्ठी में त्रिलोक कौशिक, डॉ. गुरविंदर बाँगा, नरेंद्र शर्मा ‘ख़ामोश’, रमा त्यागी, चाँदनी केशरवानी, बिमलेंदु सागर, डॉ. पराग शर्मा, मोनिका शर्मा, डॉ. अशोक बत्रा सहित अनेक साहित्यकारों ने काव्य पाठ कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर किया।

मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मानेसर के प्रतिष्ठित समाजसेवी सौरभ यादव, लोकतंत्र सेनानी संघ हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष महावीर भारद्वाज, सांस्कृतिक गौरव संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, संस्था की प्रांतीय महिला प्रमुख रेणु गुप्ता, भाजपा गाड़ोली प्रखंड के महामंत्री राहुल शर्मा, विवेकानंद स्कूल के प्राचार्य रामबहादुर, हरियाणा सरकार की गौशाला समिति के पूर्व चेयरमैन भानीराम मंगला, समाजसेवी श्री खन्ना जी की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।

संरक्षक का दायित्व निभाया पूर्व विधायक ने

हालांकि पूर्व विधायक सुधीर सिंगला जी स्वयं खाटू श्याम यात्रा पर थे, फिर भी उन्होंने अपनी ओर से पूरी व्यवस्था करवाकर संरक्षक का उत्तरदायित्व भलीभांति निभाया।

संगठन और समर्पण की मिसाल

यह आयोजन राष्ट्रीय कवि संगम, गुरुग्राम इकाई के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार अनिल आर्य एवं भाजपा प्रखंड महामंत्री राहुल शर्मा के सक्रिय सहयोग से सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव को आगे बढ़ाने की दिशा में गुरुग्राम में ऐसे आयोजन एक प्रेरणास्रोत हैं।

Share via
Copy link