
पंचकूला, 31 जुलाई। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए प्रदेश समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ोली के निर्देश पर बनाई गई इस समिति में विभिन्न जिलों से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, समिति में असीम गोयल (अंबाला) को संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि मनीष यादव (गुरुग्राम), डॉ. आदित्य बत्रा (रोहतक) और श्रीमती मीना परमार (भिवानी) को सह–संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस समिति का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ को प्रदेश के कोने–कोने तक पहुंचाना और आमजन में देशभक्ति का संचार करना है। यह अभियान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और गौरव के प्रतीक के रूप में चलाया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी सुरेन्द्र पुनिया ने बताया कि यह समिति यात्रा के संचालन, जनसंपर्क, प्रचार–प्रसार और स्थानीय इकाइयों के साथ समन्वय का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को जन आंदोलन में बदलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।