भिवानी/मुकेश वत्स
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के समर्थन में हर पक्ष उतर रहा है और काले कानूनों का विरोध कर अन्नदाता के पक्ष में अपना समर्थन दर्ज करा रहा है। इसी के तहत भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व इंडिया स्पोट्स संघ के प्रदेश संगठन मंत्री विनोद सांगवान मिताथल ने कृषि कानूनों के विरोध व किसानों के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दिया हैं।
विनोद ने कहा कि जब से देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तभी से मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में आम लोगों व किसानों के खिलाफ फैसले लिए जा रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था, व्यापारी को खत्म करके बेरोजगारी बढ़ाने का काम किया है तथा साथ ही प्रदेश के भाईचारे को बिगाडऩे का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोटबंदी कर देश की अर्थव्यवस्था को खत्म करने का काम किया, उसके जीएसटी लागू कर व्यापारियों के लिए एक बड़ी समस्या पैदा कर दी। जिसके बाद कर्मचारियों व मजदूरों पर श्रम कानून थौंपे गए, जिससे कर्मचारियों व मजदूरों को अपनी आमदनी से हाथ धोना पड़ा। श्रम कानून के तहत कंपनियों को सर्टिफिकेट दे दिए गए, जिससे कंपनी अपने कर्मचारी को कभी भी नौकरी से बाहर निकाल सकती है।
उन्होंने आरोप लगाए कि प्रदेश भाजपा ने हरियाणा में जाट आरक्षण के नाम पर प्रदेश का भाईचारा बिगाडऩे का काम किया और अब देश के अन्नदाता के खिलाफ ये काले कानून लागू कर देश की रीढ़ तोडऩे का काम भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। जिसके चलते वे अपने पद से इस्तीफा दे किसानों के खुले समर्थन में उतरे हैं।