भिवानी/धामु
राम ने माता शबरी, निषादराज गुह, केवट, जटायु सहित गिरिवासी, वनवासी, ग्राम वासी नगर वासियों सहित सबको गले लगाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। राम मंदिर भारत में सभी जातियों को जोडक़र सभी भारतीयों को एक राष्ट्रपुरुष के रूप में खड़ा करेगा, साथ ही सारे संसार में एकता एवं मर्यादा स्थापित करने का आह्वान भी करेगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास गठित होते ही मंदिर निर्माण में अपने योगदान के लिए सम्पूर्ण विश्व के हिंदू आतुर हैं। छोटे बड़े सभी प्रकार के दान प्राप्त हो रहे हैं। राम मंदिर निर्माण का यह भगवत् कार्य भी जन जन के व्यापक सहयोग से ही सम्पन्न होगा। यह उदगार प्रान्त अभियान प्रमुख राकेश त्यागी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास निधि समर्पण अभियान हरियाणा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में दादरी में व्यक्त किये। उन्होंने बताया कि निधि समर्पण अभियान विश्व का सबसे बड़ा सम्पर्क अभियान है।
अखिल भारतीय स्तर पर निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ 15 जनवरी को महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने व्यक्तिगत योगदान देकर एवम सर संघचालक मोहन भागवत ने दिल्ली में मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर में महामंडलेश्वर संत कृष्ण शाह विद्यार्थी जी महाराज से निधि समर्पण हेतु संपर्क करके किया। हरियाणा प्रान्त में यह अभियान 1 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा। पूज्य संतो-महतों के सानिध्य में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के श्रीराम में आस्था रखने वाले सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जन-जन से संपर्क करेंगे। प्रान्त के 6726 ग्रामों व 1202 बस्तियों में 45000 कार्यकर्ता टोलियों में घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। इस अवसर पर अभियान के बारे में बताते हुए राकेश त्यागी ने कहा कि यह निधि समर्पण अभियान विश्व का सबसे बड़ा संपर्क अभियान है। दादरी जिले के 1 नगर नगर, गांवों 222 एवं 30 बस्तियों में 570 टोलियों में 2000 कार्यकर्ता प्रत्येक घर मे संपर्क करेंगे।