– पहले अधूरी योजनाएं पूरी करें, फिर करें नई घोषणाएं

रेवाड़ी, 3 जून 2025: स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की है कि वे 15 जून को प्रस्तावित रेवाड़ी दौरे से पहले यहां की लंबित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दें, अन्यथा नई घोषणाओं का कोई औचित्य नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से अटकी या कछुआ गति से चल रही विकास योजनाएं रेवाड़ी की जनता के साथ क्रूर मज़ाक बन चुकी हैं।

“आगे दौड़, पीछे छोड़” की राजनीति छोड़े सरकार: विद्रोही

वेदप्रकाश विद्रोही ने तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज में चाहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रहे हों या अब नायब सिंह सैनी, अहीरवाल और रेवाड़ी क्षेत्र के साथ लगातार उपेक्षापूर्ण और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया है। उन्होंने कहा:

“नए प्रोजेक्ट्स की घोषणाएं होती हैं, लेकिन उनके लिए न तो पर्याप्त बजट मिलता है और न ही समयबद्ध कार्यान्वयन। नतीजा यह है कि कांग्रेस राज में शुरू हुई कई योजनाएं भी आज तक अधूरी पड़ी हैं।”

15 महीने में कुछ भी ठोस नहीं किया मुख्यमंत्री ने: विद्रोही

विद्रोही ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पद संभाले 15 महीने पूरे होने जा रहे हैं, और वे कई बार रेवाड़ी का दौरा कर चुके हैं, लेकिन पुरानी योजनाओं को पूरा करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार की उपेक्षा नीति को सैनी सरकार ने भी जस का तस जारी रखा है।

तीन प्रमुख मांगें रखीं विद्रोही ने

मुख्यमंत्री के आगामी दौरे से पूर्व विद्रोही ने तीन ठोस कार्यों की मांग रखी है:

  1. रेवाड़ी शहर में जल संकट समाधान के लिए लगभग 80 एकड़ भूमि अधिग्रहण कर नहरी पानी के संग्रहण हेतु वाटर टैंक का निर्माण।
  2. राजकीय सामान्य अस्पताल को 200 बेड का बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना।
  3. रेवाड़ी ब्वायज कॉलेज का 8 वर्षों से लंबित भवन निर्माण शीघ्र शुरू करना।

“घोषणाओं से नहीं, ज़मीन पर काम से मिले भरोसा”

वेदप्रकाश विद्रोही ने दो टूक कहा कि यदि मुख्यमंत्री इन तीन कार्यों को पूरा किए बिना रेवाड़ी आते हैं और केवल नई घोषणाएं करके जनता को भावनात्मक रूप से ठगने का प्रयास करते हैं, तो उनका दौरा मात्र राजनीतिक औपचारिकता बनकर रह जाएगा।

यह विद्रोही का ब्यान रेवाड़ी के जन सरोकारों और विकास की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी की जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।

Share via
Copy link